ये चुनाव 80 बनाम 20 के बीच, बीस प्रतिशत पर सिमटेगा विपक्ष : सीएम योगी

लखनऊ। कोरोना संकट के बीच देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए चुनाव आयोग ने आगामी 15 जनवरी तक साइकिल, बाइक रैली और पदयात्राओं समेत सभी जनसभाओं पर रोक लगा दी है।
इस बीच सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक इंटरव्यू में कहा कि मैं तो आया ही हूं भ्रम तोड़ने, कहा जाता था कि जो नोएडा जाता है वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाता। मैंने तो अपना कार्यकाल पूरा भी किया और आगे भी हम सरकार बनाने जा रहे हैं। ये चुनाव 80 प्रतिशत और 20 प्रतिशत का है, 80 प्रतिशत हमारे साथ हैं और जो 20 प्रतिशत विपक्ष के साथ हैं वह अपराधियों के साथ हैं, भ्रष्टाचार के साथ हैं, माफियाओं के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में कानून व्यवस्था बदली है। पहले प्रदेश में क्राइम की बड़ी-बड़ी रिपोर्ट सामने आती थी। कैराना में लोगों का पलायन होता था, अब वहां लोग वापस आ रहे हैं और अपराधियों का पलायन हुआ है। हमने प्रदेश में सुरक्षा देने का मौहाल बनाया है। हर नागरिक, बेटी, गरीब को सुरक्षा दी है। पहले जो माफिया थे, उनके खिलाफ बुलडोजर चला है और आगे भी चलेगा।
चुनाव हैं तो सभी राम का नाम ले रहे हैं
काग्रेंस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की करतूतं सबके सामने हैं, काग्रेंस नकारात्मक राजनीति कर रही है। कांग्रेस ने अगर आजादी के बाद तुष्टीकरण को न अपनाया होता तो आज देश में आतंकवाद, अलगाववाद, नक्सलवाद कभी न होता। कांग्रेस राम के अस्तित्व को नकार रही थी तो सपा, बसपा उसका समर्थन कर रहे थे। आज चुनाव हैं तो सभी राम का नाम ले रहे हैं।
कृष्ण अखिलेश को सपने में कोसने आते हैं
सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम अगर मेरे सपने में नहीं आएंगे तो किसके सपने में आएंगे। भगवान कृष्ण भी मेरे सपने में आते हैं। उनके सपने में भगवान कृष्ण आ रहे हैं तो उन्हें कोसने के लिए आते हैं कि जब मौका दिया तो मुझे ही नकार दिया, दंगा कराया।
बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार
योगी ने कहा कि 10 मार्च को प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। हमारे लिए सत्ता, सेवा का साधन है। हम बिना भेदभाव के प्रदेश की सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। अभी चुनाव की तैयारी चल रही है। हमारी डबल इंजन की सरकार ने जो काम किया उसे लगातार बढ़ा रहे हैं। बीजेपी अपने मुद्दों पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि हम जनता के हित में काम करेंगे। महत्वपूर्ण ये है कि भारतीय जनता पार्टी जीतनी चाहिए।