लखनऊ: आज से यूपी महोत्सव का होगा शुभारंभ, जानें क्या है खास

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार से यूपी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह अलीगंज सेक्टर ओ स्थित पोस्टल ग्राउंड पर शुरु होगा। यह महोत्सव 24 दिसंबर 2021 से 11 जनवरी 2022 तक चलेगा। इस महोत्सव की थीम आत्म निर्भर भारत के 21वीं सदी का विकसित उत्तर प्रदेश है। वहीं कोरोना गाइडलाइंस के नियमों का पालन भी किया जाएगा। इस बात की जानकारी आयोजक संस्था प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने दी है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा कि यूपी महोत्सव में बिना मास्क के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नही दिया जायेगा, महोत्सव के गेट पर टैम्पेचर चेक करने के बाद उसे सैनिटाइज करके ही प्रवेश दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी तक होने वाले 14वें यूपी महोत्सव में निःशुल्क यूपी टैलेण्ट हण्ट का आयोजन किया जायेगा। इसके तहत बच्चों व युवाओं की गायन, नृत्य, वादन, किड्स मॉडलिंग, मेंहदी, रंगोली, कबाड़ से जुगाड़, सिलाई, साइकिल रेस, खो-खो, कबड्डी, मिस्टर-मिस और मिसेज यूपी प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।
वहीं मौजूद एन. बी. सिंह ने बताया कि यूपी महोत्सव में इस वर्ष उत्तर प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की 11 महिलाओं को यूपी महिला रत्न सम्मान, 11 पुरूषों को यूपी रत्न और 11 बच्चों को यूपी बाल रत्न सम्मान से सम्मानित किया जायेगा। साथ ही 11 कोरोना वॉरियर्स को भी सम्मानित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यूपी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जायेगा। कला संस्कृति को बढावा देने के लिए अवधी नाइट्स, ब्रज नाइट्स, बुन्देली नाइट्स, राजस्थानी नाइट्स, भोजपुरी नाइट्स और बॉलीवुड नाइट्स का आयोजन किया जायेगा।
आगे कहा कि यूपी महोत्सव में इस वर्ष फूड जोन में राजस्थानी, पंजाबी, साउथ इण्डियन, चाइनीज, अवधी-मुगलई के अलावा देशी बाटी चोखे के स्टाल आकर्षण के केन्द्र होंगे। इसके अलावा फन जोन में बच्चों व अन्य लोगों के लिए तमाम तरह के खिलौनों के साथ ही हैण्डलूम हैण्डीक्राफ्ट्स, खादी, ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, घरेलू सामानों और लघु इकाइयों द्वारा निर्मित सामानों के स्टाल होंगे।