यूपी चुनाव: बसपा सुप्रीमो मायावती ने की पहले चरण के 53 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आज अपने जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की पहली सूची जारी की। उन्होंने 58 विधानसभा क्षेत्र में 53 प्रत्याशियों की सूची जारी की हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज मेरा स्वयं का जन्मदिन है, मैं अपने शुभचिंतकों और उन सभी लोगों का जो कोरोना का पालन करते हुए जन्मदिन को जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना रहे हैं, उनका स्वागत कर रही हूं।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि हम फिर से सत्ता में वापस आयेंगे, इस बार हम लौटने के बाद ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ पर ही सरकार चलाएंगे। उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि पर लाखों संख्या में आए कार्यकर्ताओं के बीच जो भी जरूरी बाते की है, उस पर भी अमल किया जाएगा। देश की करोड़ों जनता को कानून के माध्यम से कानून का राज चलाकर जन सुख शांति के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सन् 2022 उम्मीदों की नई किरण लेकर आ रहा है। आज मैं मेरे द्वारा लिखित पुस्तक को भी जारी किया जा रहा है। जिससे बसपा की अम्बेडकरवादी, मानवतावादी सोच दिखे और कभी न रुके।
मायावती ने कहा कि खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचने वाली मीडिया को मैं जवाब नहीं देना चाहती हूं। आकाश आनन्द के बारे में भी मीडिया बाते कर रहा है, जो मेरे लिए चुनावी राज्यों में प्रचार कर रहा है। मेरा खुद का निजी परिवार नहीं है, मेरे लिए दलित, गरीब शोषित ही मेरा परिवार है।



सपा की पहली सूची में मुस्लिम की उपेक्षा
समाजवादी पार्टी पर उन्होंने कहा कि सपा की जारी की गयी पहली सूची में मुस्लिम की उपेक्षा की गयी है। बसपा की सूची में इनका ध्यान रखा गया है। साथ ही अपर क्लास का भी ध्यान रखा गया है। समाजवादी पार्टी के दलित महापुरुषों के सम्मान की बात में रत्तीभर सच्चाई नहीं है।