पीएम मोदी ने मेरठ को दी बड़ी सौगात, 700 करोड़ से बनेगा यूपी का पहला खेल विश्वविद्यालय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के मेरठ दौरे पर हैं। 700 करोड़ रुपये की लागत से मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला पीएम मोदी ने रख दी है। यह उत्तर प्रदेश का पहला खेल विश्विद्यालय होगा, जिसमें खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ ही अव्वल दर्जे की पढ़ाई होगी। इसमें विश्वस्तरीय प्रशिक्षक तैनात किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 700 करोड़ की लागत से मेरठ के सरधना तहसील के सलावा गांव में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय बनाने का ऐलान किया था। विश्वविद्यालय का नामकरण हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर किया गया। इस खेल विश्वविद्यालय में युवाओं को सभी प्रकार के खेलों का शिक्षण और प्रशिक्षण दिया जाएगा।
This university worth Rs 700 crores will provide international sports facilities to the youth. Every year, more than 1000 girls & boys will graduate from here. Earlier, only criminals & mafias used to play & tournaments of illegal land grabbing happened: PM Modi in Meerut pic.twitter.com/1Ve3xEFY4u
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 2, 2022
खेल विवि बनने से खेल प्रतिभाओं की प्रतिभा निखरेगी। विवि में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आधार पर स्नातक की डिग्री दी जाएगी। विश्वविद्यालय से बैचलर डिग्री इन स्पोर्ट्स, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट, परानास्तक, एमफिल और पीएचडी आदि के कोर्स संचालित होंगे। विश्वविद्यालय में 540 पुरुष और 540 महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था होगी।
लगभग 91 एकड़ में बनने वाले इस खेल विवि में इंडोर स्टेडियम, सिंथेटिक रनिंग स्टेडियम, सिंथेटिक हॉकी मैदान, ओलंपिक स्तरीय स्वीमिंग पूल, फुटबाल मैदान, वालीबॉल कोर्ट, बास्केटबाल कोर्ट, हैंडबाल, कबड्डी मैदान, लॉन टेनिस कोर्ट, जिम्नेजियम हॉल, मल्टीपरपज हॉल, शूटिंग रेंज, स्क्वाश, जिम्नास्टिक, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, क्याकिंग एंड कैनोइंग, अत्याधुनिक टर्फ मैदान, साइकिलिंग ट्रैक, योगा हॉल आदि होंगे।
इसके अलावा एथलेटिक्स, आउटडोर गेम्स, ट्रैक एंड फील्ड, जैवलिन थ्रो, भारोत्तोलन, कुश्ती, बाक्सिंग सहित पारंपरिक खेल मलखम्ब और खोखो का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। गंगनहर में रोविंग और राफ्टिंग जैसे जलीय खेलों का प्रशिक्षण भी होगा।