हर सीट पर वार रूम खोलेगी कांग्रेस : प्रियंका गांधी ने प्रतिज्ञा यात्राएं व रैलियों की तैयारियों का लिया जायजा…

कांग्रेस हर विधानसभा सीट पर अपना वार रूम खोलने के साथ ही October में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रतिज्ञा यात्राओं के सात-साथ मंडलस्तरीय रैलियां करेगी। इसको लेकर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को पार्टी के लिहाज से सबसे अधिक संभावना वाली सौ विधानसभा सीटों पर बनाए गए वार रूम की समीक्षा की।
प्रियंका सोमवार को करीब तीन बजे लखनऊ एयरपोर्ट से सीधे गोखले मार्ग स्थित कौल हाउस पहुंची। यहां कोर ग्रुप के सदस्यों में शामिल प्रभारी राष्ट्रीय सचिव, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधानमंडल दल की नेता और रणनीतिक टीम के सदस्यों के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक, सौ विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के वार रूम बनाए जा चुके हैं। यह वही सीटें हैं, जहां पिछले तीन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस या तो जीती है या प्रत्याशियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इनमें से 50 सीटों पर प्रत्याशी को हरी झंडी दे दी गई है। शेष 50 सीटों पर एक से ज्यादा प्रत्याशियों को तैयारी करने के लिए कहा गया है। उन्हें बताया गया कि मूल्यांकन में जिसका काम अच्छा होगा, जिसके पक्ष में ज्यादा कार्यकर्ता होंगे, उसी का टिकट फाइनल होगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रियंका ने स्टेटस रिपोर्ट लेने के साथ ही वार रूम को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ बूथ स्तर की तैयारियों को न देखें, बल्कि घोषणाओं व कांग्रेस सरकार की नीतियों को गांव-गांव पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाएं। इन वार रूम की प्रदेश मुख्यालय के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व भी निगरानी करेगा। प्रियंका ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर इसी तरह के वार रूम खोलने के लिए कहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रियंका लखनऊ प्रवास के दौरान प्रस्तावित प्रतिज्ञा यात्रा के रूट और मुद्दों पर रणनीति तय करेंगी। चुनावी तैयारियों का फॉलोअप लेंगी। संगठन और फ्रंटल पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी।
मंडलों के साथ लखनऊ में बड़ी जनसभाएं
कांग्रेस नवरात्र में 7 अक्तूबर से प्रतिज्ञा यात्रा निकालेगी। दूसरे दलों की खामियों के साथ अपने वादे आम मतदाताओं को बताए जाएंगे। जोनवार होने वाली यह यात्राएं सभी विधानसभा क्षेत्रों, प्रमुख शहरों, कस्बों और अधिकांश गांवों से गुजरेंगी। मंडल स्तर पर एक बड़ी सभा होगी, जिसमें प्रियंका भी मौजूद रहेंगी। 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर लखनऊ में बड़ी रैली होगी। इसमें पार्टी के सभी प्रमुख वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
वरिष्ठ नेताओं के साथ किया मंथन,
कार्यक्रमों की सफलता के लिए प्रियंका ने कई वरिष्ठ नेताओं से लंबी बातचीत कर सांगठनिक कामकाज के संबंध सुझाव लिए। उनसे पार्टी को मजबूत करने और प्रचार में जुटने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि उनके सम्मान में कोई कमी नहीं आएगी।