संगम नगरी दौरे पर आज पीएम मोदी, महिलाओं को देंगे बड़ी सौगात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानि मंगलवार को प्रयागराज दौरे पर हैं। जहां वह महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। बताया जा रहा हैं कि पूरे देश को महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगे। साथ ही मातृशक्ति से संवाद कर उन्हें सफलता के लिए प्रेरित भी करेंगे।
महिलाओं के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के दृष्टिकोण से आज 21 दिसम्बर का दिन न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के इतिहास में स्वर्णाध्यायी होने जा रहा है। संगम नगरी में करीब तीन लाख महिलाओं का जमावड़ा होगा।
खबरों के अनुसार पीएम मोदी 1.60 लाख स्वयं सहायता समूहों के खातों में एक हजार करोड़ रुपये अंतरित करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री महिला स्वयं सहायता समूहों की तरफ से संचालित 202 पुष्टाहार उत्पादन इकाइयों की आधारशिला भी रखेंगे।
कुछ महिलाओं से संवाद भी करेंगे प्रधानमंत्री
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी कुछ महिलाओं से संवाद भी करेंगे। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाओं का चयन किया गया है। जिन महिलाओं से प्रधानमंत्री का विशेष संवाद होगा, उनमें सर्वाधिक महिलाएं फतेहपुर की हैं। ये महिलाएं एक ही स्वयं सहायता समूह की हैं, जो टेक होम राशन का प्लांट चला रही हैं। कन्या सुमंगला योजना की 25 लाभार्थियों का भी चयन प्रधानमंत्री से संवाद के लिए हुआ है।
महिलाओं के संघर्ष की कहानी भी देखेंगे मोदी
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण की मिसाल बन चुकी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की संघर्ष और सफलता की कहानी पर बनी एक डाक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन होगा। करीब सवा चार मिनट के इस वीडियो को मोदी के अलावा वहां उपस्थित सभी लोगों को दिखाया जाएगा।