जनता तैयार करेगी भाजपा का ‘घोषणा पत्र’, बनाएगी पांच सालों का रिपोर्ट कार्ड!

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा अब कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसमें भाजपा ने एक बार फिर जनता को अपने पक्ष में करने के लिए एक बड़ा दांव खेल दिया है। दरअसल बात यह है कि चुनावों का समय नजदीक आ रहा है। ऐसे में भाजपा को जल्द ही अपना घोषणा पत्र जनता के समक्ष पेश करना है। इसलिए भाजपा ने इस बार नया दांव खेलते हुए अब जनता को ही उनका घोषणा पत्र बनाने का जिम्मा सौंप दिया है।
खबरों के मुताबिक़ भाजपा इस बार जनता के सहयोग से चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगी। दरअसल, यूपी भाजपा ने बुधवार को ‘यूपी नम्बर 1- सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ अभियान की शुरुआत की है।
इस अभियान के जरिए चुनावी घोषणा पत्र के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों से उनके सुझाव लिए जा रहे हैं।
जानकारों की माने तो पार्टी की योजना है कि संकल्प पत्र बनाने से पहले लोगों के सुझाव लिए जाएं। इसके लिए बुधवार को ‘यूपी नम्बर 1, सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ अभियान की शुरुआत की गयी। इसके तहत गांव और शहरी क्षेत्रों के 30 हजार स्थानों पर आकांक्षा पेटी रखी जाएगी।
बताया जा रहा है कि बीजेपी की योजना इन पेटियों के सहारे लोगों से सीधे सम्पर्क की है। पार्टी के कार्यकर्ता सुझाव देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करेंगे। बताया गया कि लोग पोस्टकार्ड के अलावा फोन, ईमेल और पार्टी की वेबसाइट पर भी सुझाव दे सकते हैं।
वहीं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में भाजपा ने अन्य दलों की तरह घोषणा पत्र नहीं बल्कि संकल्प पत्र जारी किया था। ऐसे में यह माना जा रहा है कि इस प्लान के तहत भाजपा को दो फायदे होने वाले हैं।
पहला तो यह कि इस प्रकार भाजपा लोगों के विचारों को आसानी से भांप पाएगी। वहीं उनकी पार्टी एवं विकास कार्यों को लेकर जनता के मन में क्या राय है, इस बात का भी अंदाजा लगाया जा सकेगा।
यानी भाजपा को इस योजना के तहत अपने पिछले पांच सालों का रिपोर्ट कार्ड भी मिल जाएगा। इस तरह वह आगामी चुनावों को लेकर खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकेगी।