योगी सरकार में केवल राष्ट्रवाद की ही चर्चा, जातिवाद की राजनीति का दौर गया : स्वतंत्र देव

लखनऊ। बुधवार को योगी सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मुरादाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बात दें, जल्द ही उन्हें मुरादाबाद मंडल का प्रभारी मंत्री भी बनाया गया है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए स्वतंत्र देव मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब वह दौरा चला गया, जब देश में जातिवाद की राजनीति की जाती थी। आज योगी सरकार में केवल राष्ट्रवाद की ही चर्चा है।
खबरों के मुताबिक़ मुरादाबाद पहुंचकर स्वतंत्र देव ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि विकास के कार्यों को तेज स्पीड से पूरा करें। सभी प्रोजेक्ट निर्धारित समय में पूरे होने चाहिए।
बता दें, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले मुस्लिम तुष्टिकरण की बातें होती थीं। मुस्लिम तुष्टिकरण पर चर्चा होती थी। हिंदू धर्म का मजाक बनाया जाता था और अपमान किया जाता था। वहीं टीवी पर भी साधु– संतों को चोर के रूप में प्रदर्शित किया जाता था। मगर, योगी राज में चीजें बदल गई हैं। अब कोई टीवी भी साधु संतों को चोर दर्शाने की हिम्मत नहीं कर सकता। अब राष्ट्रवाद और विकासवाद की राजनीति हो रही है। सारी दुनिया भारत की ओर देख रही है।