इंसाफ और इंसानियत के कदम पर भाजपा, धर्म के नाम पर नहीं बंटने देंगे देश : राजनाथ सिंह

लखनऊ। यूपी में भाजपा की दावेदारी को प्रबल करने और लखनऊ उत्तर से भाजपा प्रत्याशी डा. नीरज बोरा को समर्थन देने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को एक विजय संकल्प समारोह में शामिल हुए। 60 फीटा रोड, त्रिवेणीनगर पर आयोजित इस संकल्प समारोह में राजनाथ सिंह न केवल बीते सात सालों में भाजपा द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया, बल्कि यह भी बताने का प्रयास किया कि जिस इच्छा शक्ति के साथ भाजपा ने केंद्र और राज्य में काम किया है। इससे पहले किसी भी सरकार ने नहीं किया।

इसी के साथ राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में विपक्षियों को भी निशाने पर लिया। समाजवादी पार्टी और अखिलेश को घेरते हुए उन्होंने कहा, “समाजवादी वो होता है, जो देश हित के लिए काम करता और हर मायने में देश का भला सोचता है। न कि धर्म के नाम पर लोगों को उकसाने या बहकाने का काम करता है। मगर, हाल ही में उठे हिजाब मामले में अखिलेश ने जिस तरह का रवैया अपनाया और धर्म के नाम पर सियासी फायदा उठाने का प्रयास किया, वह किसी भी समाजवादी सोच को प्रदर्षित नहीं करता है।
उन्होंने आगे कहा कि यही फर्क है सपा और भाजपा में। भाजपा सदैव इन्साफ और इंसानियत के कदम पर चलना जानती है। इसलिए भाजपा का संकल्प है कि हम देश को धर्म और जाति के नाम पर बंटने नहीं देंगे, भले ही फिर इसके लिए हमें कोई भी कीमत चुकानी पड़े।

इसी के साथ उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि सदन में जिस तरह से राहुल गांधी से देश के प्रधानमंत्री की सोच पर सवाल उठाए और सीमा पार भारतीय जवानों द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक का प्रमाण मांगा। राहुल का ऐसा बर्ताव भी देश की जनता को साफ संदेश देता है कि देश और समाज से उन्हें कितना लगाव है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रक्षामंत्री बोले कि इस बात का मैं खुद गवाह हूं। मैंने उस समय शहीद हुए जवानों को खुद कंधा दिया और उनके परिवार के रोते और बिलखते हुए लोगों के चेहरे देखे। उस वक्त देश का गृहमंत्री होने के नाते मैं खुद उन शहीद जवानों के परिवारों से मिला। अब इससे भी ज्यादा राहुल को प्रमाण चाहिए।

इसी के साथ रक्षामंत्री ने समारोह में शामिल हुए लोगों से कहा कि आपके उमंग और जोश को देखने के बाद लग रहा है कि लोगों ने मन बना लिया है कि तेज तर्रार और जनता के लिए समर्पित नीरज बोरा को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजना है।
उन्होंने कहा व्यक्ति का कद केवल पद से बड़ा नहीं होता, उसकी कृत्यों से होता है। भाजपा सरकार के बीते पांच सालों में नीरज बोरा ने इसको करके दिखाया है।
वहीं उन्होंने नीरज बोरा की विशेषता बताते हुए कहा कि अगर इन्हें दूसरे जगह प्रत्याशी बनाकर भेजा जाता तो ये खुशी से स्वीकार कर लेते।

राजनाथ सिंह ने कहा भाजपा राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं करती। हमारी राजनीति देश को बनाने की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारी प्रतिष्ठा बढ़ी है। लोग मानने लगे है कि भारत अब ताकतवर भारत बन गया है।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक की जरूरत पड़ी तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक किया। एयर स्ट्राइक की जरूरत पड़ी तो एयर स्ट्राइक किया। सारी दुनिया को हमने संदेश दे दिया कि भारत की तरफ अगर कोई आंख उठाकर देखने की कोशिश करेगा तो हम इस पार भी मार सकते हैं और बाउंड्री के उस पार भी जाकर मार सकते हैं। यह भारत की कूबत है।
राजनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब समाजवादी पार्टी आई है, तो दंगे होने लगते हैं, गुंडे-बदमाशों के हौसले बढ़ जाते हैं। माफियाओं का एकछत्र राज्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि मैं बधाई देना चाहता हूं, अपने मुख्यमंत्री को कि उन्होंने करिश्माई काम किया है।
माफियाओं ने जो संपत्ति हासिल की और जिससे अपना आलीशान महल बनवाया। बुलडोजर से सारे महल ध्वस्त कर दिये गये। उन्होंने कहा कि धराशाई करना उतनी बड़ी बात नहीं है। सबसे बड़ी बात सोच की है। साथ ही उस सोच को हकीकत में साकार करने की है।