पांचवे दिन भी भाजपा प्रत्याशी नीरज बोरा का जनसंपर्क अभियान जारी, घर-घर जाकर लोगों से कर रहे संवाद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर लखनऊ उत्तर के भाजपा प्रत्याशी डा. नीरज बोरा अपने क्षेत्रीय जनता से लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। साथ ही बीजेपी को वोट देने की अपील भी कर रहे हैं। इस दौरान भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता नीरज बोरा के लिए सड़क पर दिखे और लोगों से संवाद भी किया।

बता दें कि लखनऊ उत्तर विधानसभा सीट यूपी की महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है, जहां 2017 में भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। इस बार लखनऊ उत्तर विधानसभा सीट के परिणाम किस पार्टी के पक्ष में होंगे, यह जनता को तय करना है।

2017 में लखनऊ उत्तर में कुल 48.27 प्रतिशत वोट पड़े। 2017 में भाजपा से डॉक्टर नीरज बोरा ने समाजवादी पार्टी के अभिषेक मिश्रा को 27276 वोटों के मार्जिन से हराया था।

यूपी में सात चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सात चरणों में होंगे. उत्तर प्रदेश में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा। इसके बाद 14 फरवरी को दूसरा चरण, 20 फरवरी को तीसरा चरण, 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवे चरण का चुनाव होगा।

इसके अलावा तीन मार्च को छठे चरण और सात मार्च को सातवें चरण का चुनाव होगा। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।