कल से राममय होगा लखनऊ, साध्वी ऋतम्भरा सुनाएंगी श्रीराम की शौर्यगाथा

लखनऊ। राम मंदिर में प्रमुख भूमिका निभाने वाली सुविख्यात सन्त पूजनीया दीदी मां साध्वी ऋतम्भरा लम्बे समय बाद लखनऊ में होंगी। श्रीराम कथा सुनाने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ आ रहीं साध्वी की अगुवानी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बता दें कि इस कथा का आयोजन सीतापुर रोड पर सेवा अस्पताल के निकट स्थित रेवथी रिसार्ट के लॉन में किया गया है।
यह कथा शनिवार यानि 25 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक चलेगा। सात दिनों तक चलने वाला श्रीराम कथा का आयोजन भारतीय लोक शिक्षा परिषद द्वारा किया गया है जिसके मुख्य यजमान भाजपा विधायक डा. नीरज बोरा हैं। प्रथम दिवस वे श्रीराम नाम महिमा का बखान करेंगी। पूज्या दीदी मां के श्रीमुख से श्रीराम गुणगान प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक होगा। लम्बे समय के बाद लखनऊ आ रहीं साध्वी ऋतम्भरा की श्रीरामकथा में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए प्रशासन से भी मदद मांगी गई है।
कथा स्थल पर भव्य पांडाल के निर्माण का कार्य हो गया है। इससे पहले वात्सल्य ग्राम से पधारीं दीदी सत्यप्रिया ने कथा स्थल का जायजा लिया और तैयारियां देखीं। सनातन परम्परा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को हल्दी अक्षत के साथ निमंत्रण पत्र भेजा जा चुका है। पहले दिन दुन्दुभि व शंखनाद के साथ रामायण की शोभा यात्रा साध्वी ऋतम्भरा के साथ कथा स्थल पहुंचेंगी। कोविड के नये वैरिएंट को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने के साथ-साथ श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे कथा स्थल पर मास्क लगाकर आयें।