‘सुकन्या’ लाभार्थियों को पासबुक वितरित कर अश्विनी वैष्णव ने किया PO-CSC सेवाओं का लोकार्पण
विधायक डा. नीरज ने अश्विनी वैष्णव के साथ दीप प्रज्वलित कर कराई कार्यक्रम की शुरुआत

लखनऊ। केंद्रीय रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्वनी वैष्णव ने गुरुवार को सुकन्या समृद्धि योजना के लाभार्थियों को पासबुक वितरण एवं डाकघरों में PO-CSC सेवाओं तथा रेल टिकट बुकिंग सेवा का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई के साथ लखनऊ उत्तर विधानसभा के विधायक डा. नीरज बोरा भी उपस्थित रहे।

बता दें कि वित्तीय वर्ष 2021-2022 में करीब 4 लाख नए खाते खोले गए हैं। इस बड़ी उपलब्धि को देखते हुए गुरुवार को लखनऊ जीपीओ के मुख्य हाल में इस कार्यक्रम को आयोजित किया गया।

इस दौरान यहां अश्वनी वैष्णव ने 15380 डाकघरों में PO-CSC सेवाओं का लोकार्पण किया। साथ ही यहां उन्होंने 9147 डाकघरों में रेल टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई।

बता दें, कार्यक्रम से पूर्व लखनऊ उत्तर विधायक डा. नीरज बोरा ने जीपीओ में अश्वनी वैष्णव का स्वागत किया। जिसके बाद उन्होंने अश्वनी वैष्णव के साथ दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत कराई।