लखनऊ उत्तर में बुनियादी सुविधाओं का हो रहा अभूतपूर्व विकास, ₹ 30 लाख की लागत से हो रहा वाटिका का सौंदर्यीकरण,विधायक डॉ नीरज बोरा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विधायक डॉ नीरज बोरा ने कहा कि, देश और समाज के संधारणीय विकास के लिए पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य है। हम सभी को पर्यावरण के संरक्षण के प्रति सजग रहना होगा।

अलीगंज :- लखनऊ में बुनियादी सुविधाओं का विकास कार्य अत्यधिक तेजी से चल रहा है। इसी संदर्भ में आज लखनऊ उत्तर विधानसभा के विधायक डॉ नीरज बोरा ने भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड के अंतर्गत सेक्टर-ई सीतापुर रोड योजना में स्थित नानाजी देशमुख वाटिका के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। शिलान्यास के दौरान भाजपा विधायक डॉ नीरज बोरा ने कहा कि, नानाजी देशमुख ने जीवन भर संघर्ष किया और आज हम सभी उनके बताए हुए मार्ग पर चलकर देश की तरक्की में योगदान दे रहे हैं।

नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य व क्षेत्रीय पार्षद रूपाली गुप्ता व पूर्व पार्षद बृज किशोर पांडे सहित मंत्रोचार के बीच डॉ नीरज बोरा ने वाटिका का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
विधायक डॉ नीरज बोरा ने कहा कि, देश और समाज के संधारणीय विकास के लिए पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य है। हम सभी को पर्यावरण के संरक्षण के प्रति सजग रहना होगा।इसके लिए हमें अधिक से अधिक पौधारोपण करना होगा, पॉलीथीन का कम से कम उपयोग करें और जूट के थैले का प्रयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि, अपने जन्मदिन के अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं इससे पर्यावरण का संरक्षण भी होगा और जन्मदिन की यादें भी हर वर्ष बनी रहेंगी।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता अजय पवार ने बताया कि, 30 लाख रुपए की लागत से वाटिका की बाउंड्रीवॉल सुंदरीकरण का कार्य होगा।
