लुधियाना ब्लास्ट मामले का मास्टरमाइंड जसविंदर सिंह मुल्तानी गिरफ्तार

लुधियाना ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। जहां जर्मनी पुलिस ने इस ब्लास्ट केस के मास्टरमाइंड जसविंदर सिंह मुल्तानी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जसविंदर प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस का अहम सदस्य है। वह पंजाब के होशियारपुर का रहनेवाला है।
इससे पहले पंजाब के पुलिस महानिदेशक ने कहा था कि लुधियाना जिला अदालत में जिस पूर्व पुलिस हेड कांस्टेबल की मौत हुई थी, उसके खालिस्तानी तत्वों और आतंकवादियों से संबंध थे। चट्टोपाध्याय ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सिंह का पंजाब के भीतर और विदेश में खालिस्तानी तत्वों, आतंकी संगठनों, माफिया समूहों और मादक पदार्थ तस्करों से संबंध था।
उन्होंने कहा कि आगे की जानकारी का बाद में खुलासा किया जाएगा। धमाके में पाकिस्तानी हाथ होने के सवाल पर डीजीपी ने कहा कि पुलिस को “पूरा शक है”, लेकिन वह निश्चित तौर पर अभी नहीं कह सकते।
उन्होंने कहा कि अब तक जो सुराग मिला है उससे प्रतीत होता है कि इस घटना के पीछे पाकिस्तान में बैठकर संचालन कर रहे किसी व्यक्ति का हाथ था। यह पूछे जाने पर कि क्या धमाके में पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी समर्थकों का हाथ था, तो चट्टोपाध्याय ने कहा कि खालिस्तानी तत्वों और नार्को आतंकवाद से संबंध होने का संकेत मिला है। उन्होंने कहा कि सिंह पर मादक पदार्थ का मामला चल रहा था और माफिया के साथ उसका संपर्क भी स्थापित हो चुका है।