लखनऊ : आज राजनाथ सिंह करेंगे 7506 करोड़ की लागत वाली कई परियोजनाओं का शिलान्यास

लखनऊ। आज बुधवार को लखनऊ में अमौसी मेट्रो स्टेशन के निकट भाजपा के कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास रक्षामंत्री एवं सांसद राजनाथ सिंह के हाथों किया जाएगा। यही वजह है कि राजनाथ सिंह आज लखनऊ आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ ही राजनाथ यहां एक जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। ऐसे में उनके साथ यहां सीएम योगी आदित्यनाथ और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित रहेंगे।
खबरों के मुताबिक़ भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने इस बात की जानकारी दी है कि रक्षामंत्री दोपहर 12:30 से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे अमौसी मेट्रो स्टेशन के निकट कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।
इस दौरान वह सड़क परिवहन एवं राजमार्ग केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ 7,506 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
बता दें कि मुख्य परियोजनाओं में मुंशीपुलिया चौराहे से पॉलिटेक्निक तक फ्लाईओवर निर्माण का शिलान्यास, खुर्रमनगर फ्लाईओवर निर्माण एवं मड़ियांव से आईआईएम क्रासिंग तक फ्लाईओवर निर्माण का शुभारंभ करेंगे।
जानकारी के मुताबिक़ रिंग रोड स्थित मुंशीपुलिया चौराहे से पॉलीटेक्निक के बीच फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिसकी लागत करीब 170.6 करोड़ होगी। इस लागत में चार लेन फ्लाईओवर और सर्विस लेन बनाई जाएगी। इससे करीब 50 हजार वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ कानपुर एक्सप्रेस-वे की नीव भी रखी जाएगी। एक्सप्रेस-वे में थ्री ऑटोमेटेड मशीन का एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि, मुख्य कार्यक्रम कानपुर में किया जाएगा। केंद्र ने 1935-34 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।
इसके साथ ही लखनऊ-हरदोई रोड चार लेन चौड़ीकरण का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा सर्वोदयनगर और बिराहिमपुर पुल का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम के बाद वहां से राजनाथ दोपहर 02:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं दोपहर 02:30 बजे वे एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे।