विधान परिषद की 36 में से 9 सीटों पर भाजपा को मिल चुकी है विजय: सीएम योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक वर्चुअल संवाद में कहा कि प्रदेश में 36 सीटों पर होने वाले विधान परिषद के चुनाव में भाजपा पहले ही नौ सीटें जीत चुकी है। 27 सीटों पर चुनाव चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का सबसे बड़ा राज्य है। उसके उच्च सदन के लिए 36 सदस्यों की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की जनता ने 2017 में सरकार का गठन किया था, उस समय विधान परिषद में समाजवादी पार्टी का बोलबाला था। वह विकास की याजनाओं में बैरियर बनने का काम करते थे। हम विकास की योजनाओं को किसी प्रकार से पास करा पाते थे, लेकिन आज भाजपा बहुमत की ओर विधान परिषद में भी अग्रसर है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विधान परिषद में बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा को विकास के कार्य, लोक कल्याण, गरीब कल्याण, पंचायत, स्थानीय निकाय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेगी। आगे भी कोई व्यवधान नहीं आयेगा। इसलिये हमको सभी सीटों पर विजय प्राप्त करनी होगी।
उन्होंने कहा कि हम एक चौथाई सीटों पर पहले ही जीत चुके हैं। अन्य बची सीटों पर भी विजयश्री का वरण करना है। प्रदेश में 58 हजार ग्राम पंचायते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन ने गांव को विकास की धुरी बनाया है। उनके नेतृत्व में राज्य और ग्राम पंचायतों के विकास के लिए काम तेजी से हुए हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विकास के कार्य को आगे बढ़ाने को नई प्रतिस्पर्धा खड़ा कर सकते हैं। ग्राम पंचायतों को स्मार्ट विलेज के रूप में स्थापित करने की हमारी योजना है। हमारी सरकार हर ग्राम पंचायत में ग्राम सचिवालय का निर्माण कार्य कर रही है। हर ग्राम पंचायत में एक पंचायत सहायक की तैनाती की गई है। रोजगार सेवक की तैनाती पहले से है। वाईफाई की सुविधा देने जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों के अंदर ही गांव के लोगों की समस्याओं के समाधान का मंच बनाने का प्रयास चल रहा है। यह ग्राम प्रधान के नेतृत्व में होगा। व्यवस्था बनाई जा रही है। गांव बैंकिंग सखी ग्राम सचिवालय के अंदर ही समस्या का निस्तारण करेगी। ग्राम सचिवालयों में ही बिजली बिल, अन्य प्रमाण पत्रों को बनाने की प्रक्रिया के साथ जोड़ा जा रहा है। पहले कार्यकाल के दौराने ही ग्राम प्रधान के अधिकारों को बढ़ाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कार्य के दायरे को बढ़ाने के साथ मानदेय भी बढ़ाया गया है। पंचायत प्रतिनिधि को बीमा की सुविधा प्रदान की गई है।