सुलग रहा जोधपुर तो नेपाल में क्या कर रहे राहुल? पब वाले वायरल वीडियो पर भाजपा हमलावर

नई दिल्ली। वैसे तो आए दिन राजनैतिक दलों में किसी न किसी बात को लेकर कटाक्ष और तंज का सिलसिला बदस्तूर जारी रहता है। मगर, ताजा मामले में राहुल गांधी का नेपाल के पब में लुत्फ़ उठाते वीडियो ने मानों उनके लिए मुसीबतों की बयार ही खड़ी कर दी, जिसका उनके पास कोई भी स्पष्ट जवाब मौजूद नहीं है। हां, ये जरूर है कि फौरी तौर पर कांग्रेस की ओर से इस बात की लीपापोती जरूर की जा रही है। दरअसल, आज ईद के मौके पर राजस्थान के जोधपुर में जो हिंसा का मामला सामने आया उस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं।
वहीं चूंकि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है, ऐसे में इस मामले में राहुल गांधी की जवाबदेही भी अहम हो जाती है। मगर, जब कांग्रेस शासित राज्य में ये आलम चल रहा है ऐसे में यदि पार्टी के सर्वेसर्वा नेपाली पब में मजे करते नजर आएं तो सवालों की झड़ी लगना तो लाजमी है। फिर क्या बीजेपी को मौक़ा मिला और वह कांग्रेस पर हमलावर हो गई, जिस वजह से कांग्रेस की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं।
खबरों के मुताबिक़ बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, राहुल गांधी क्या कर रहे हैं, यह उनका निजी मामला है। लेकिन जब राजस्थान के जोधपुर में हिंसा हो रही है, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है, राजस्थान जल रहा है। इस पर चिंता व्यक्त करने के बजाय राहुल गांधी नेपाल में नाइटक्लब में पार्टी करते नजर आ रहे हैं। जबकि उन्हें भारत के लोगों के साथ उनकी समस्याओं के बारे में जानने के लिए होना चाहिए।
पूनावाला ने आगे कहा, कांग्रेस पार्टी खत्म हो गई है, लेकिन राहुल गांधी की पार्टी यूं ही चलेगी। वो राजनीति में गंभीर नहीं हैं। जब उनकी पार्टी और देश के लोगों को उनकी जरूरत है, तब वे नेपाल में पार्टी कर रहे हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा, वेकेशन, पार्टी, हॉलिडे, प्लेजर ट्रिप, प्राइवेट फॉरेन विजिट आदि अब देश के लिए कोई नई बात नहीं है।
उधर, बीजेपी के अन्य नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा, ये राहुल गांधी की निजी जिंदगी का मामला नहीं है। उन्होंने पूछा, राहुल गांधी किसके साथ है? क्या चाइना के एजेंटों के साथ हैं? क्या राहुल गांधी जो ट्वीट करते है सेना के खिलाफ वो चाइना के दबाव में करते है? सवाल तो पूछे जाएंगे? सवाल राहुल गांधी का नहीं, देश का है।
इसके आलावा बीजेपी सोशल मीडिया इंचार्ज अमित मालवीय ने ट्वीट किया, जब मुंबई पर हमला हुआ था, तब भी राहुल गांधी नाइटक्लब में थे। अब जब उनकी पार्टी संकट में है, तब भी वे नाइटक्लब में हैं। उनमें निरंतरता है।
बता दें, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों नेपाल के निजी दौरे पर हैं। राहुल गांधी का नेपाल दौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें वो काठमांडु में नाइटक्लब में नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद बीजेपी कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है। बताया जा रहा है कि ये वीडियो Lord of the Drinks, Nepal का है।
जानकारी ये भी है कि राहुल गांधी नेपाल में अपनी महिला मित्र सुमनिमा की शादी अटेंड करने के लिए नेपाल गए हैं। सुमनिमा उदास ने अमेरिका के Lee यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है। वो CNN इंटरनेशनल में संवाददाता के रूप में काम कर चुकी हैं। उन्होंने राजनीति, आर्थिक-सामाजिक, पर्यावरण और आम मुद्दों को कवर किया है। ‘दिल्ली गैंगरेप’ केस में भी सुमनिमा ने रिपोर्टिंग की थी।
सुमनिमा के पिता और म्यांमार में नेपाल के राजदूत रहे भीम उदास ने कहा- ‘हमने राहुल गांधी को मेरी बेटी की शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।’ उन्होंने बताया कि विवाह समारोह मंगलवार को होना है और 5 मई को रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। सुमनिमा की शादी नीमा मार्टिन शेरपा (Nima Martin Sherpa) से हो रही है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि कई और अतिमहत्वपूर्ण भारतीय हस्तियां भी शादी समारोह के लिए पहुंची हैं।