लखनऊ: गलियों में बेखौफ घूमता दिखा तेंदुआ, 3 लोगों को किया घायल

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में देर रात बेखौफ धूम रहे तेंदुए ने तीन लोगों को गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। जिसके बाद घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। यह मामला जानकीपुरम और कल्याणपुर का बताया जा रहा है। तेंदुए को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। गली में घूम रहे तेंदुए को देखकर लोग दहशत में आ गए। वहीं पुलिस और वन विभाग की टीमें तेंदुआ की तलाश में जुटी है।
कड़ाके की ठंड में जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, तब तेंदुआ गायत्रीपुरम, कुर्सी रोड और पहाड़पुर चौराहे के पास समेत कई अन्य इलाकों में चहलकदमी कर रहा था। कई जगहों पर तेंदुए की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई। इससे इलाके के लोग दहशत में आ गए हैं।
खबरों के अनुसार नारायण नगर कल्याणपुर स्थित जिस प्लॉट के पास बाहर गली की तरफ निकलने वाले दोनों रास्तों पर जाल बिछा गया है। वन विभाग के लोगों ने उसे पकड़ने का भरसक प्रयास किया लेकिन उसे अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। तेंदुआ चकमा देकर जाल को फांदकर लोगों पर हमला करते हुए भाग गया है।
इस दौरान तेंदुए के हमले की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। सीसीटीवी में तेंदुआ कभी गलियों में तो कभी किसी के घर के छत पर बैठा दिख रहा है। लोगों को घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।