सरकार ने ब्लॉक किए 22 यू-ट्यूब चैनल, देश विरोधी फेक कंटेंट परोसने का था मामला

नई दिल्ली। मंगलवार को सरकार ने देश और सरकार विरोधी विचारधारा को प्रसारित करने वाले करीब 22 यू-ट्यूब चैनलों को ब्लॉक करने का आदेश दे दिया है। इसके साथ ही इस कड़ी में तीन ट्विटर और एक फेसबुक एकाउंट के साथ एक न्यूज वेबसाइट को भी ब्लॉक करने के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि IT Rules 2021 के तहत इमरजेंसी पावर का इस्तेमाल करते हुए मिनिस्ट्री ऑफ इनफार्मेशन एंड ब्राडकास्टिंग ने यह कदम उठाया है।
खबरों के मुताबिक़ IT Rules 2021 के आधार पर यह पहला मौका है, जब भारतीय YouTube चैनल्स पर ऐक्शन लिया गया है।
बताया जा रहा है कि इन अकाउंट्स और चैनल्स का इस्तेमाल संवेदनशील और भारत की सुरक्षा, विदेश नीति और पब्लिक ऑर्डर से जुड़े मामलों में फेक न्यूज और सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलान के लिए किया जा रहा था।
बता दें कि सरकार पिछले साल फरवरी में आईटी रूल्स 2021 का नोटिफिकेशन जारी किया था। लेटेस्ट ब्लॉकिंग ऑर्डर के तहत 18 भारतीय और 4 पाकिस्तानी YouTube चैनल्स को बैन किया गया है।
इन यूट्यूब चैनल्स का इस्तेमाल विभिन्न मुद्दों पर फेक न्यूज फैलाने के लिए किया जा रहा था। खासकर भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर जैसे मुद्दों पर फर्जी पोस्ट इन चैनल्स के जरिए किए जा रहे थे। विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए पोस्ट किए गए भारत विरोधी कंटेंट को भी ब्लॉक किया गया है। जांच में पाया गया है कि भारतीय YouTube चैनल्स द्वारा यूक्रेन की स्थिति पर भी कई गलत जानकारियां शेयर की गई हैं। दूसरे देशों के साथ भारत के संबंधों को प्रभावित करने की मंशा से इन चैनल्स द्वारा पोस्ट किया जा रहा था।