भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष की पीट-पीट कर ह्त्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

लखनऊ। यूपी के कानपुर दिहात में कल देर रात भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंबरेश तिवारी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामला जमीनी विवाद का है। वहीं ह्त्या का मामला सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय थाने पर जमकर हंगामा किया। जिसके बाद क्षेत्र काफी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। तनाव की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। बता दें कि अंबरेश के पिता राजेश तिवारी भाजपा जिलाध्यक्ष रहे हैं।
खबरों के मुताबिक़ मामला कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे का है। बताया जा रहा है कि देर रात यहां एक विवादित जमीन पर कुछ लोग निर्माण कार्य करा रहे थे। इसकी भनक पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी के बेटे (भाजयुमो पूर्व जिला उपाध्यक्ष) अंबरेश तिवारी को लग गई। वो कुछ दोस्तों के साथ मौके पर पहुंच गए।
जानकारी है कि अंबरेश ने निर्माण कार्य का विरोध किया तो दबंगों ने उसे लाठी-डंडों ने पीटना शुरू कर दिया। यह देखकर अंबरेश के दोस्त मौके से भाग गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। समय पर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो उन्होंने अंबरेश के घर वालों को सूचना दी।
इसके बाद परिजन आनन-फानन घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान अंबरेश लहूलुहान मिला तो परिजन उसे पुखरायां सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता के बेटे की मौत की सूचना पर पुलिस अधिकारी हरकत में आए और मौके पर पहुंचे। इसके बाद हत्या से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।