45 करोड़ रुपये की लागत से बने वाटर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स का योगी ने किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में वाटर स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स का आज उद्घाटन किया। बताया जा रहा है कि 30 दिसंबर को नौकायन क्षेत्र में 45 करोड़ रुपये की लागत से वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स निर्मित है।
फीता काटने एवं फलक अनावरण कर लोकार्पण करने से पहले मुख्यमंत्री के कहने पर कालीबाड़ी के महंत ने नारियल तोड़ा। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने काम्प्लेक्स भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां से संचालित होने वाली वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। भवन के हाल में एक प्रदर्शनी लगाई गई थी।
इसके बाद भवन से ताल तक जाने वाले अंडरपास से होते हुए मुख्यमंत्री रामगढ़ ताल के प्लेटफार्म पर पहुंचे। वहां से हरी झंडी दिखाकर नौका प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नाव पर सवार होकर रामगढ़ ताल का भ्रमण किया।