642 करोड़ की विकास परियोजनाओं का योगी ने किया शिलान्यास-लोकार्पण, विधायक बोरा रहे मौजूद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ₹642 करोड़ लागत की 488 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकार्पण और शिलान्यास ऑनलाइन किया गया। इस मौके पर उत्तर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक डा. नीरज बोरा भी शामिल हुए।

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले की यूपी में पर्यटन तो दूर कानून-व्यवस्था की बदहाली के चलते लोग औद्योगिक निवेश तक करना नहीं चाहते थे। पर्यटन विकास की 642 करोड़ की 488 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश पर्यटन विकास की ढेर सारी संभावनाओं को समेटे हुए आगे बढ़ रहा है। प्रदेश पर्यटन विकास के मानचित्र पर आज एक नई कहानी लिख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव, मथुरा का कृष्णोत्सव और रंगोत्सव और काशी की देव दीपावली पूरी दुनिया को आकर्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुक तीर्थ, नैमिष धाम, गोरखपुर, कौशांबी, संकिसा, लालापुर सहित हर क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के साथ इको टूरिज्म को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोज़गार के अवसर भी सृजित हुए हैं।