स्थापना दिवस पर भाजपा ने शुरू किया माईक्रो डोनेशन अभियान, सीएम योगी ने किया शुभारम्भ

लखनऊ। भाजपा के 42वें स्थापना दिवस पर पार्टी ने माइक्रो डोनेशन अभियान शुरू किया है। इस अभियान का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह,प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला उपस्थित रहे।
राष्ट्र आराधना में अहर्निश रत @BJP4India के 42वें स्थापना दिवस के सुअवसर पर 'माइक्रो डोनेशन अभियान' के साथ जुड़कर अपने दायित्व का निर्वहन किया।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 6, 2022
सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में आप भी अपना योगदान देकर सहभागिता सुनिश्चित करें।
जय हिंद! pic.twitter.com/BFpeeunqGT
माईक्रो डोनेशन अभियान बूथ स्तर तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पांच रुपये से लेकर अधिकतम एक हजार रुपये की धनराशि का भुगतान नमो एप के माध्यम से पार्टी के लिए करने का आह्वान किया है। माइक्रो डोनेशन अभियान छह अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा।
इस अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में एक पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। संबंधित जिलों की आईटी व सोशल मीडिया की टीम नमो एप का लिंक कार्यकर्ताओं को भेज रही है। प्रत्येक मण्डल को 1500 का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक वर्तमान व पूर्व दायित्वधारी भाजपा कार्यकर्ताओं को कम से कम 10 लोगों से डोनेशन करवाने के लिए कहा गया है। कार्यकर्ताओं से यह भी कहा गया है कि डोनेशन करने के बाद इसका प्रचार-प्रसार भी सोशल मीडिया पर करें।