प्रियंका वाड्रा को करारा जवाब देने मैदान में आई भाजपा की ‘दंगल गर्ल’

लखनऊ। विपक्षी दलों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भाजपा ने अब एक नया दांव खेल दिया है, जो यूपी विधानसभा चुनावों को नई दिशा प्रदान कर सकता है। दरअसल बीते दिनों में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा था, “लडकी हूं, लड़ सकती हूं…” ऐसे में प्रियंका के इस जुमले का करार जवाब देने के लिए भाजपा ने उनके समक्ष स्वर्ण पदक विजेता ‘दंगल गर्ल’ यानी महिला पहलवान बबीता फोगाट को खड़ा कर दिया है।

खबरों के मुताबिक महिलाओं में खास तौर पर युवा पीढ़ी में जोश भरने के लिए बबीता फोगाट बतौर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) प्रदेश सहप्रभारी के रूप में यूपी को मथेंगी। इस कड़ी में उन्होंने प्रभारी राजू बिष्ट और अन्य सहप्रभारियों के साथ यहां दस्तक दे दी है।

जानकारों के मुताबिक बताया जा रहा है कि कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा जिस तरह से महिलाओं को आकर्षित करने का प्रयास कर रही हैं, उसे बेअसर करने की रणनीति पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की सहप्रभारी बबीता फोगाट, गुंजन प्रजापति और कुमारी भक्ति शर्मा काम करेंगी। इसके अलावा जो युवा किसी भी दल के खुले समर्थक नहीं हैं, उनसे संवाद के कार्यक्रम का जिम्मा भी यही टीम संभालेगी।

बता दें भाजपा हाईकमान ने हाल ही में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट को भाजयुमो का प्रदेश प्रभारी बनाया है, जबकि सहप्रभारी की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट, विवेकानंद शशिकांत, गुंजन प्रजापति, अभिमन्यु त्यागी, कुमारी भक्ति शर्मा और विशु बसौया को दी है। बताया जा रहा है कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार पदाधिकारियों की यह टीम गुरुवार को लखनऊ पहुंची। इसके बाद टीम ने प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button