माधुरी दीक्षित, दीपिका पादुकोण समेत इन सितारों को दे चुके हैं बिरजू महाराज ट्रेनिंग

लखनऊ में जन्मे सुप्रसिद्ध कथक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का 83 वर्ष की आयु में दिल्ली में निधन हो गया। इस समाचार से कला जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। राजनीतिक गलियारे से संगीत की दुनिया तक बिरजू महाराज के प्रशंसक शोकाकुल हो गए, सभी ने नम आँखों से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पंडित बिरजू महाराज जिन्हें बृजमोहन मिश्रा नाम से दुनिया जानती है।
चार फरवरी 1938 को लखनऊ में जन्मे बिरजू महाराज, श्रेष्ठ नर्तक के साथ-साथ शास्त्रीय गायक और संगीतकार थे। लखनऊ के कालका बिंदादीन घराने से संगीत की दुनिया में प्रवेश करने वाले बिरजू महाराज ने बड़ी लगन से कथक सीखा। कथक घराने में पैदा हुए बिरजू महाराज के पिता अच्छन महाराज और चाचा शम्भू महाराज स्वयं भी बड़े कलाकार रहे। पिता और चाचा की देखरेख में छोटे-से बृजमोहन मिश्रा देखते-देखते बिरजू और फिर बिरजू महाराज बन गये। सन् 1983 में पंडित बिरजू महाराज को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
बिरजू महाराज ने सात साल की उम्र से प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। बिरजू महाराज को कथक विरासत में मिली। बॉलीवुड में मुगल-ए-आज़म और पाकीजा जैसी फ़िल्मों में डांस को उनके चाचा लच्छू महाराज ने कोरियोग्राफ किया था। पंडित बिरजू महाराज ने खुद बॉलीवुड को कई यादगार गाने दिए। उन्होंने न सिर्फ गानों को कोरियोग्राफ किया बल्कि फिल्म के गानों को संगीतबद्ध भी किया। तो आइए जानते हैं कथक सम्राट द्वारा कोरियोग्राफ किए गए लोकप्रिय गानों के बारे में…