42वें स्थापना दिवस पर बोले पीएम मोदी, अमृत-काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी आज अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि यह अमृत-काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य-काल है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा, “ इस अमृत-काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है, लोकल को ग्लोबल बनाने की है, सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों को लेकर एक विचार-बीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए यह अमृत काल भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।”

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं देश और दुनिया भर में फैले भाजपा के प्रत्येक सदस्य को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से कोहिमा तक भाजपा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।

उन्होंने कहा कि मेरी प्रार्थना है कि मां स्कंदमाता का आशीर्वाद देशवासियों पर, भाजपा के प्रत्येक कर्मठ कार्यकर्ता और प्रत्येक सदस्य पर हमेशा बना रहे।

अपने स्थापना दिवस पर भाजपा 7 अप्रैल से 20 अप्रैल तक देश भर में सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ब्लॉक और जिला स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने जा रहे हैं। वहीं 14 अप्रैल को बीआर अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में पार्टी कई कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल, 1980 को की गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button