टोक्यो ओलंपिक से बाहर हो चुकी दीपिका कुमारी भारतीय तीरंदाजी संघ के फैसलों से नाराज, बोलीं-अतनु और मैं दिला सकते थे पदक
दीपिका ने कहा, 'संघ ने अतुल के अनुभव के बजाय प्रवीण यादव को तवज्जो देकर गलती की थी।

टोक्यो ओलंपिक 2020 के तीरंदाजी खेल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। शनिवार को पुरुषों के व्यक्तिगत वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में अतनु दास जापान केताका हारू फुरूकावा से 4-6 पराजित हुए। इससे पहले शुक्रवार को विश्व की नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी को भी क्वार्टर फाइनल में साउथ कोरिया के सान अन मात दे दी थी। मिश्रित युगल में दीपिका और प्रवीण यादव की चुनौती 24 जुलाई को ही समाप्त हो गई थी।
टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत से पहले मिश्रित युगल में दीपिका कुमारी और अतनु दास को मेडल जीतने का दावेदार माना जा रहा था। लेकिन टोक्यो में अतनु को मिश्रित युगल में दीपिका के साथ जोड़ी बनाने का मौका ही नहीं मिला, क्योंकि वह रैंकिंग दौर में प्रवीण यादव के पीछे रहे। पहली बार ओलंपिक में हिस्सा ले रहे प्रवीण यादव ने 31वां जबकि अतनु ने 35 वां स्थान हासिल किया था। यही कारण है कि भारतीय तीरंदाजी टीम प्रबंधन ने रैंकिंग के अनुसार जोड़ी बनाने का फैसला किया और इस स्टार जोड़ी के 1 महीने से भी कम समय पहले पेरिस विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि को नजरअंदाज कर दिया। जाधव और दीपिका ने पहली बार जोड़ी बनाई और उन्हें कोरिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
अब दीपक कुमारी ने भारतीय तीरंदाजी संघ के इस फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। दीपिका ने कहा, ‘संघ ने अतुल के अनुभव के बजाय प्रवीण यादव को तवज्जो देकर गलती की थी। अतनु के साथ मेरा संयोजन और समन्वय भारत को मिश्रित टीम स्पर्धा में पदक दिला सकता था।”
उधर अतनु भी पहले ही तीरंदाजी संघ के फैसले पर हैरानी जता चुके है। अतनु ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद कहा था,’मुझे मिश्रित टीम में दीपिका के साथ खेलने की उम्मीद थी लेकिन दुर्भाग्य से संभव नहीं सका। मुझे नहीं पता क्यों। लेकिन यह काफी संतोषजनक है कि हम दोनों अंतिम 16 में पहुंच गए हैं और हम अपनी पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। आगे देखते हैं क्या होता है।”
ध्यातव्य है कि पिछले साल जून में अतनु और दीपिका ने शादी की थी और यह जोड़ी ओलंपिक खेलों में एक ही स्पर्धा में चुनौती पेश करने वाली पति-पत्नी की पहली भारतीय जोड़ी रही। मिक्सड डबल्स में जोड़ी टूटने के बाद दीपिका जिन हयेक और ताकाहारू फुरूकावा के खिलाफ मुकाबलों में अतनु की हौसलाअफजाई के लिए मौजूद थी।
Publish Date:Tue, 31 Jul 2021 1:12 PM (IST) | Author: Abhay Kumar Mishra