बैंक कर्मचारियों को नहीं लगी भनक! PNB लॉकर से हवा हुई 65 लाख की ज्वैलरी

नई दिल्ली। वैसे तो लूटमार और चोरी डकैती के कई मामले खबरों में बनी रहती हैं, लेकिन आज जो मामला सामने आया है, वो बड़ा ही हैरान करने वाला है। बता दें, मामला गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट का है। यहां स्थित पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से करीब 65 लाख की ज्वैलरी गायब होने की जानकारी मिली है। मगर, खास यह है कि बैंक के लॉकर से ज्वैलरी गायब हो गई और बैंक के किसी भी कर्मचारी को भनक तक नहीं लगी।
खबरों के मुताबिक़ गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एक ब्रांच में 65 लाख रुपए की ज्वेलरी की इस हेराफेरी के माले में बैंक कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि हमने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई की जा रही है। जाहिर है लोग अपने कीमती सामान के लिए अपने घर से भी ज्यादा बैंक के लॉकर को सुरक्षित मानते हैं। अब बैंक के लॉकर से भी यदि कीमती सामान गायब होने लगे तो लोगों का भरोसा बैंकों से उठना लाजमी है। बहरहाल पुलिस ने 2019 से इस शाखा में तैनात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें, अशोक नगर निवासी प्रियंका गुप्ता का खाता पिछले 20 वर्षों से सिहानी गेट थाने के नेहरू नगर इलाके में पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में खुला हुआ था। प्रियंका गुप्ता ने इसी बैंक के लॉकर में अपनी ज्वेलरी रखी थी, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रियंका ने 2019 में आखिरी बार लॉकर का उपयोग किया था, जिसके बाद जब उसने दिसम्बर 2021 में लॉकर खोलने के लिए बैंक में संपर्क किया तो उनका लॉकर नहीं खोला जा सका, क्योंकि उसमें उनकी चाबी नहीं लग रही थी।
इसके बाद बैंक कर्मचारियों और मैनेजर द्वारा उन्हें एक नंबर देकर यह कह कर भेज दिया गया कि शीघ्र ही आप को सूचित किया जाएगा। लगातार दो तीन बार संपर्क करने पर भी जब प्रियंका गुप्ता को जवाब नहीं मिला तो उन्होंने इस लॉकर को तुड़वाने का फैसला लिया गया। इसके बाद बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में इस लॉकर को तोड़ा गया। जब लॉकर टूटा तो प्रियंका गुप्ता के होश उड़ गए। लॉकर में रखा हुआ उनका कीमती सामान गायब था।