अमित शाह ने कैराना में किया घर-घर जनसंपर्क, लगे जय श्रीराम के नारे
शाह ने की भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को शामली जिले के कैराना पहुंचे, जहां उन्होंने घर-घर जनसंपर्क अभियान में भाग लिया। खराब मौसम के बावजूद अमित शाह को अपने बीच देखकर लोगों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। उत्साहित लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। अमित शाह ने कहा कि कैराना से पलायन कराने वाले अब खुद पलायन कर गए हैं। कैराना में अब सुशासन दिखाई दे रहा है।
बता दें कि यूपी में पहले चरण का विधानसभा चुनाव शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा और अलीगढ़ जिलों में होगा। इन 11 जिलों की कुल 58 सीटों के लिए 10 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 21 जनवरी को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख थी।
Union Home Minister Amit Shah holds door-to-door campaigning in Kairana ahead of upcoming #UttarPradeshElections2022 pic.twitter.com/PUeKh2XNDX
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 22, 2022
अमित शाह ने कैराना आकर घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया और भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैराना में अब सुशासन दिखाई दे रहा है। कैराना से पलायन कराने वाले अब खुद पलायन कर गए हैं। कभी व्यापारी परिवारों को पलायन करना पड़ा था। अब वह वापस आ गए हैं। इसलिए एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुतम से बनेगी। उप्र के सभी वर्गों की एक ही आवाज सुनाई पड़ रही है- इस बार भाजपा 300 पार।
उल्लेखनीय है कि साधु स्वीट्स 70 साल पुरानी दुकान थी। 2014 में बदमाशों के डर से साधु पलायन करके अंबाला चले गए थे। उस दौरान बदमाशों ने उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। भाजपा सरकार बनने पर वह कैराना वापस लौटे।
पदाधिकारियों के साथ बैठक
इसके बाद शामली स्थित होटल ओर्चिड में गृहमंत्री अमित शाह ने शामली एवं बागपत जिले के भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने गुटबाजी और कलह को भुलाकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की ताकत हैं और उसकी बात को अनदेखा नहीं किया जाएगा।