मैनपुरी की करहल सीट से यूपी चुनावों में जोर आजमाइश करेंगे अखिलेश

लखनऊ। लंबे मंथन के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी इस बात का ऐलान कर दिया है कि वह इस बार का यूपी विधानसभा चुनाव मैनपुरी की करहल सीट से लड़ेंगे। हालांकि, इससे पहले यह खबर सामने आ रही थी कि अखिलेश आजमगढ़ के गुन्नौर से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
खबरों के मुताबिक़ अखिलेश मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे, इस बात का ऐलान कर समाजवादी पार्टी ने अखिलेश कहा से चुनाव लड़ेंगे, इस बात को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लगा दिया है।
बता दें कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भी इसी विधानसभा से पहला चुनाव लड़ा था और चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।
इसके अलावा सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने करहल के जैन इंटर कॉलेज से ही शिक्षा ग्रहण की थी और वे यहां पर शिक्षक भी रहे। करहल मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई से महज चार किलोमीटर की दूरी पर है।
ख़ास यह है कि करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) का सात बार कब्जा रहा है। इस विधासभा सीट से 1985 में दलित मजदूर किसान पार्टी के बाबूराम यादव, 1989 और 1991 में समाजवादी जनता पार्टी (सजपा) और 1993, 1996 में सपा के टिकट पर बाबूराम यादव विधायक निर्वाचित हुए।
2000 के उपचुनाव में सपा के अनिल यादव, 2002 में बीजेपी और 2007, 2012 और 2017 में सपा के टिकट पर सोवरन सिंह यादव विधायक चुने गए। करहल विधानसभा सीट से 2017 के चुनाव में सपा ने सोवरन सिंह यादव पर ही भरोसा जताया। सपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे सोवरन सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के रमा शाक्य को 40 हजार से अधिक वोट के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी।