अपर्णा के बाद मुलायम के साढ़ू ने दिया सपा को झटका, कांग्रेस की पोस्टर गर्ल भी बीजेपी में शामिल

लखनऊ। यूपी चुनावों की तरीखों के नजदीक आने से पूर्व उत्तर प्रदेश में बड़े दलबदल की राजनीति काफी जोरों पर है। इसी के तहत छोटी बहू अपर्णा यादव के बाद अब मुलायम के साढ़ू प्रमोद गुप्ता ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। इतना ही नहीं इसी के साथ कांग्रेस की ‘लड़की हूं… लड़ सकती हूं’ वाले स्लोगन की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या ने भी ऐन वक्त पर भाजपा में शामिल हो कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।
खबरों के मुताबिक़ बीजेपी में आने से पहले प्रमोद गुप्ता ने बड़ा बयान भी दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव को बंदी बनाया हुआ है। पार्टी में आज उनकी बुरी स्थिति है। गुप्ता ने यह भी कहा कि सपा में आज अपराधियों और जुआरियों को लाया जा रहा है।
बता दें कि बीजेपी और सपा में चुनाव से पहले ही शह और मात का खेल जारी है। सपा ने बीजेपी का दामन छोड़कर आए स्वामी प्रसाद मौर्य को जगह दी। कुछ अन्य विधायकों ने भी बीजेपी छोड़कर सपा का दामन थामा था। इसके बाद बुधवार को अपर्णा यादव को बीजेपी में लाया गया।
हालांकि, उन्होंने अखिलेश या सपा के खिलाफ कुछ नहीं कहा। अपर्णा सिर्फ यह बोलीं कि उन्हें पीएम मोदी और सीएम योगी की कार्यशैली प्रभावित करती है।
वहीं जानकारी यह भी है कि कांग्रेस की पोस्टर गर्ल बनीं प्रियंका मौर्य ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। प्रियंका मौर्य कांग्रेस की मुहिम ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रियंका गांधी के सचिव ने टिकट के लिए उनसे पैसे मांगे थे।